शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है नगर निगमः निगमायुक्त नरेंद्र कुमार

गंदगी फैलाने वालों, गोबर बहाने वाले डेयरी संचालकों होंगे चालान।

शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है नगर निगमः निगमायुक्त नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं नागरिकों के लिए बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। निगम क्षेत्र में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे है। निगमायुक्त सफाई व्यवस्था में सुधार, नालों की सफाई करवाने की योजना एवं बरसात के समय जल निकासी के कार्य की समीक्षा हेतु तकनीकी व सफाई शाखा के अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान में संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह, सहायक अभियंता सत्यव्रत, शांत सुहाग, मंदीप, सुनील शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार व सचिन सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने बैठक में निर्देश दिए कि अधिकारी व कर्मचारी फील्ड में कार्य कर शहर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि लोग सार्वजनिक सड़कों, गलियों एवं नालियों में गंदगी के साथ-साथ गोबर डाल रहे है जिससे न केवल सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों, अन्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार चालान किए जाये। इसके अलावा, विशेष रूप से ऐसे डेयरी संचालकों पर कड़ी निगरानी रखी जाये जो नालों/सीवर में गोबर बहाते है। गोबर बहाने वालों पर सख्ती से कार्यवाही करते हुए उनके चालान सुनिश्चित किए जाएं और बार-बार नियमों की अवहेलना करने वाली डेयरी पर सीलिंग की कार्यवाही अमल में लाई जाए।

निगमायुक्त ने कहा कि निगम द्वारा बरसात से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए पूर्ण संसाधनो के साथ कार्य किया जायेगा। बरसात के समय संवेदनशील/जलभराव बिन्दु चिन्हित किए जा चुके है तथा जल्द ही सफाई कार्य के लिए संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन बरसात के समय 24 घंटे कार्य करने के लिए तैयार है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।