निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने अवैध पोस्टर, बैनर/बोर्ड लगाने वालों व गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए

वार्ड 2 व 7 में नगर निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान।

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने अवैध पोस्टर, बैनर/बोर्ड लगाने वालों व गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने सफाई शाखा के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि निगम क्षेत्र में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चला कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए। इन्हीं की अनुपालना में निगम की टीम द्वारा वार्ड नं. 2 व 7 में जनभागीदारी के साथ विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम की विशेष टीम द्वारा वार्डो में जागरूकता अभियान चलाकर नागरिको को गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्र कर निगम की गाड़ी में अलग-अलग देने बारे प्रेरित किया गया। नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने व अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने बारे अपील की गई।

निगमायुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि इस दौरान अतिरिक्त संसाधन एवं कर्मचारी लगाकर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य करवाया जा रहा है। शहर की मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों व विशेषकर आगामी मानसून के मद्देनजर नाले/नालियों की सफाई करवाई जा रही है, ताकि बरसात के समय जलभराव न हो सके।

उन्होंने बताया कि निगम की टीमों द्वारा गंदगी फैलाने वालो के विरूद्व निरंतर कार्यवाही की जा रही है तथा संबंधित के चालान किए जा रहे हैं। निगम की टीम ने शहर के मुख्य मार्गो, बाजारों में संयुक्त रूप से निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले व प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों के 3300 रुपये के 8 चालान किए।

 

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि निगम की टीम द्वारा अवैध पोस्टर, बैनर एवं बोर्ड लगाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर, बैनर एवं अवैध विज्ञापन बोर्डों को हटाया जा रहा है।