निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने शहर में चल रहे सफाई कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, कूड़े का सही ढंग से निष्पादन, सार्वजनिक शौचालयो की सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों की समीक्षा हेतु सफाई शाखा के अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने सफाई कार्य में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में कार्य करने एवं शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने बारे निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उदेश्य आमजन को सुविधा प्रदान करना है, जिसमें सफाई व्यवस्था प्राथमिक है, इसलिए सफाई व्यवस्था में सुधार करें। उन्होंने कहा कि हर घर से कूड़े का उठान सुनिश्चित किया जाये व कहीं भी गंदगी के ढेर नहीं लगे होने चाहिए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें तथा जहां भी कमी पाई जाए, उसे तुरंत दूर करवाया जाए। उन्होंने बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने कूड़े के उचित एवं वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष रूप से कहा कि एकत्रित कूड़े का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित किया जाए तथा कूड़े के ले जाने व डिस्पोजल प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने शहर में बने सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों में सफाई, पानी, रोशनी की सुचारू व्यवस्था तथा सफाई कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर, गली, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करे। उन्होंने आम जन से अपील की कि घरों से निकलने वाले कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग रखें तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि जनभागीदारी से रोहतक शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सके।
इस दौरान संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया, सहायक अभियंता सत्यव्रत व तरूण कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार व सचिन, कनिष्ठ अभियंता सूर्या धनखड़ व नीरज सहति अन्य संबंधित मौजूद रहे।

Girish Saini 

