निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने किया विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण
गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करवाने के निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने विभिन्न विकास कार्यों एवं पार्कों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने मानसरोवर पार्क के निरीक्षण के दौरान पार्क में बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए विकसित किए गए विशेष चिल्ड्रन प्ले ज़ोन का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त पार्क में नागरिकों के बैठने एवं विश्राम हेतु स्थापित सोलर पार्क गज़ेबो की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पार्क में उपलब्ध सभी सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
इसके बाद निगमायुक्त ने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ बनाई जा रही सड़क के कार्य का निरीक्षण किया और सड़क निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। साथ ही सड़क के आस-पास की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। मौके पर उपस्थित दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
अंत में निगमायुक्त ने मेडिकल मोड़ पर निर्माणाधीन पार्क में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर व गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Girish Saini 


