निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने निगम कार्यालय एवं नागरिक सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुनी नागरिकों की समस्याएं

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने निगम कार्यालय एवं नागरिक सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुनी नागरिकों की समस्याएं

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने निगम के मुख्य कार्यालय एवं नागरिक सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान निगमायुक्त ने केंद्र पर उपलब्ध विभिन्न नागरिक सेवाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन की गति, शिकायत निवारण प्रणाली एवं आमजन को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधा केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान निश्चित समयावधि एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टोकन सिस्टम के माध्यम से कार्य किया जाये, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो व व्यवस्थित ढंग से कार्य हो सके।

निगमायुक्त नरेन्द्र कुमार ने निरीक्षण के दौरान एक वृद्ध महिला की समस्या सुनते हुए क्षेत्रीय कराधान अधिकारी को कार्य करवाने के निर्देश दिए और कहा कि यदि कोई दस्तावेज लंबित है तो स्वयं किसी कर्मचारी को भेजकर मंगवाया जाये। उन्होंने संबंधित अधिकारियो व कर्मचारियो को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधा केंद्र में नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुन कर प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधा केंद्र आमजन और निगम के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए यहां कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।