निगमायुक्त डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को प्रतिदिन सफाई कार्यों के निरीक्षण के निर्देश दिए

गंदगी फैलाने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के होंगे चालान।

निगमायुक्त डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को प्रतिदिन सफाई कार्यों के निरीक्षण के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा सफाई कार्यों की निगरानी को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि निगम अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की जांच के लिए वार्ड आवंटित किए गए थे तथा इन आदेशों की अनुपालना करते हुए अधिकारियों ने वार्डों में पहुंच कर सफाई व्यवस्था जांची तथा कमी पाए जाने पर उसे दूर करवाया।

निगम कार्यालय में आयोजित एक विशेष बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने-अपने निर्धारित वार्डों का नियमित रूप से दौरा कर वहां चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण करें। सड़कों, गलियों, मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, सार्वजनिक शौचालयो, नालियों एवं अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था की जांच करें तथा कमी मिलने पर तुरंत दूर करवाएं। उन्होंने कचरा उठान व्यवस्था को भी समयबद्ध एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य की गुणवत्ता एवं उनके कार्यक्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदगी फैलाने, कचरा इधर-उधर डालने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए चालान किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को वार्डों में नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए।