निगमायुक्त डॉ. आनंद शर्मा ने फील्ड मे उतर कर लिया शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा
मौके पर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने वीरवार को फील्ड में उतरकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड नं. 2 व 4 में में सड़कों, गलियों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित वार्ड सदस्य भी मौजूद रहे। निगमायुक्त ने ने मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य करने, कूड़े के समय पर उठान तथा कहीं भी कूड़ा इकट्ठा न होने देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने इस दौरान जींद रोड क्षेत्र व हिसार रोड का भी दौरा किया। माता दरवाजा से जींद चौक तक टूटे हुए नाले के कारण सड़क पर आ रहे गंदे पानी बारे उन्होंने मौके पर उपस्थित सहायक अभियंता को जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नाले की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दो स्थानों पर कूड़े के ढेर पाए गए, जिसकी तुरंत सफाई करवाने बारे मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों के चालान किए जाने के भी निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने सहायक अभियंता को जींद पुल से जींद चौक तक के नालों की सफाई करवाने, जल निकासी के स्थाई समाधान, आमजन की सुविधा के लिए पार्क एवं शौचालय निर्माण की प्रक्रिया अमल में लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा भू-शाखा की टीम द्वारा तुरंत प्रभाव से कार्यवाही करते हुए जींद रोड पुल के नीचे से अवैध कब्जे हटाए गये।
निगमायुक्त डॉ. शर्मा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की कमी पाई जाने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

Girish Saini 

