निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने किया विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता व प्रक्रिया जांची।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम के अधिकारी निरंतर निगरानी कर रहे हैं। इसी कड़ी में निगमायुक्त ने स्थानीय सेक्टर-2, 3 व 14 क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, सड़कों की मोटाई, लेवलिंग तथा सड़कों के निर्माण कार्य की प्रक्रिया जांची।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित रूप से निगरानी करते हुए किसी प्रकार की कमी या खामी पाई जाने पर उसे तुरंत दूर करने के भी निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाले, जल निकासी तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान सहायक अभियंता शांत सुहाग, तरूण कुमार, मंदीप सिंह, कनिष्ठ अभियंता सूर्या धनखड़, विशाल खेड़ा, देवेन्द्र बेनिवाल, वरूण मलिक आदि मौजूद रहे।

Girish Saini 

