एमएस डॉ. कुंदन मित्तल ने वार्ड-3 का औचक निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक में मरीजों को उच्च कोटि की सुविधाएं और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने शनिवार को वार्ड-3 का औचक निरीक्षण किया और सफाई, बिजली, गैस मैनीफोल्ड, पेस्ट कंट्रोल और बेड व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए।
डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि वार्ड-3 में पहले 82 बेड थे, अब क्षमता बढ़ाकर 90 कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रेचर पर एक भी मरीज नहीं रहेगा, मरीज को बेड पर ही शिफ्ट किया जाएगा। वार्ड से सभी अनावश्यक अलमारियां हटाने के आदेश दिए गए, ताकि जगह खुली रहे और संक्रमण का खतरा कम हो। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई मरीज के इलाज का पहला चरण है। गंदगी में इलाज नहीं, संक्रमण पनपता है।
उन्होंने बीएंडआर विभाग को 24 घंटे के भीतर वार्ड में सभी लीकेज दूर करने, बिजली विभाग के अधिकारियों को सभी पॉइंट चेक करने और खराब स्विच-बोर्ड बदलने तथा गैस मैनिफोल्ड से जुड़े सभी पॉइंट की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को संतोषजनक पाया। चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अब एक दिन छोड़कर एक वार्ड का राउंड होगा, ताकि हर विभाग की निगरानी हो सके। इस दौरान मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ सुधीर अत्री व डॉ महेश माहला भी मौजूद रहे।

Girish Saini 

