सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कलानौर अनाज मंडी पहुँच कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया

किसानों से हुए रुबरु।

सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कलानौर अनाज मंडी पहुँच कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि धान की खरीद से किसान पूरी तरह से संतुष्ट है और सरकार की किसान हित में बनाई गई नीतियों के चलते आज किसानों को भाव भी अच्छा मिल रहा है। सांसद ने कहा कि पूरे प्रदेश में धान खरीद को लेकर किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी और खरीद को लेकर स्वंय मुख्यमंत्री निगरानी रखे हुए है। सांसद ने कहा कि आज सरकार की जनकल्याण नीतियों का प्रत्येक वर्ग को फायदा मिल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव नतीजे विपक्ष की बोलती बंद कर देंगे और हरियाणा में तीसरी बार भी भाजपा की ही सरकार बनेगी, इसके लिए प्रदेश की जनता पहले ही मन बना चुकी है।

बुधवार को सांसद अरविंद शर्मा ने जिले में कई कार्यक्रमों में शिरकत की और इसी दौरान उन्होंने कलानौर अनाज मंडी में धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से भी मुलाकात की। किसानों ने सांसद का आभार जताया और कहा कि सरकार ने मौज कर दी, धान का रेट इस बार पांच हजार के करीब मिल रहा है, जिससे किसान खुश है। सांसद ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली तमाम रियायतों व सब्सिडी को सीधे लोगों के खातों में डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के लिए व्यवस्था की गई, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही संकल्प था कि भय एवं भ्रष्टाचार मुक्त भारत का निर्माण किया जाए और इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए अनेकों तरीकों से देश एवं प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए प्रयत्न कर रही। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है, सरकार जनता से जो वायदा करती है, उसे पूरा करके दिखाया है। सांसद ने सरकार द्वारा किसानों के उत्थान के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा 2014 के बाद जब से मोदी सरकार आई है किसानों की दिशा और दशा सुधरने लगी है, उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस समय में मुआवजे के नाम पर किसानों के साथ मजाक किया जाता था, जिसमें किसानों को सौ से 150 रुपये तक मुआवजे के तौर पर दिए जाते थे। लेकिन आज किसानों की फसल खराब होने पर किसानों को भरपूर मुआवजा दिया जा रहा है। मंडियों में किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है इसके साथ किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों के खाते में किसानों के सम्मान में राशि डाली जा रही है। उन्होंने कांग्रेस व इनेलो को लेकर कहा कि जब चुनाव नजदीक आते है तो विपक्ष को भी जनता याद आने लगती है। कांग्रेस ने हमेशा ही झूठ की नीति पर काम किया है।