सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने किया स्मॉग टावर का उद्घाटन

रोहतास फास्टनर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा खर्च की गई राशि

सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने किया स्मॉग टावर का उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को स्थानीय पुराना गोहाना अड्डा पर स्थापित किए गए स्मॉग टावर का उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य रूप से हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने स्मॉग टावर स्थापित करने पर रोहतास फास्टनर प्राइवेट लिमिटेड तथा रोहतास ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के मालिक विजय बंसल व उनके परिवार का आभार व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि इस परिवार ने स्मॉग टावर स्थापित करके समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस टावर के लगने से लोगों को प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी और वे शुद्ध हवा में सांस ले सकेंगे।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के अन्य उद्योगपतियों को भी विजय बंसल से प्रेरणा लेकर इस प्रकार के सामाजिक कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। उद्योगपति एवं समाजसेवी विजय बंसल का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विजय बंसल द्वारा रोहतक नगर में समाज सेवा के अनेक कार्य किए गए हैं। ग्रोवर ने कहा कि विशेष कर सर्दी के मौसम में धुआं नीचे आ जाता है, जो सांस से संबंधित बीमारियों का कारण बनता है। लेकिन अब इस टावर के लग जाने से 5000 वर्ग मीटर क्षेत्र में वायु शुद्ध होगी और लोग प्रदूषण व बीमारियों से बच पाएंगे। उन्होंने उद्योगपतियों का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें भी इसी तर्ज पर नगर के प्रमुख चौराहे पर ऐसे टावर स्थापित करवाने चाहिए ताकि पूरे नगर को प्रदूषण से मुक्त करके शुद्ध वायु लोगों को दी जा सके।

रोहतास फास्टनर प्राइवेट लिमिटेड व रोहतास ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के मालिक अजय बंसल ने कहा कि स्मॉग टावर की खूबी यह है कि तकरीबन 5000 वर्ग मीटर क्षेत्र की प्रदूषित हवा को अपने अंदर लेकर साफ हवा की आपूर्ति करेगा। इसके साथ ही यह स्मॉग टावर दूषित हवा को खींचेगा और साफ करके 5000 वर्ग मीटर क्षेत्र में छोड़ेगा। अजय बंसल ने बताया कि इस स्मॉग टावर की क्षमता एक लाख क्यूबिक मीटर प्रति घंटा है। स्मॉग टावर के अंदर 5 फिल्टर लगे हुए हैं। हवा इन पांचो में से होकर निकलेगी। यह हवा १/३ एक बटा तीन साफ कर देगी, जिसका मतलब अगर हवा का एक्यूआई 300 है तो यह स्मॉग टावर उसका एक्यूआई 200 कर देगा। इसी प्रकार स्मॉग टावर 24 घंटे और सातों दिन लगातार बिना किसी रूकावट के चलेगा। इस टावर की पूरी सर्विसिंग की जिम्मेदारी लगाने वाली कंपनी की होगी। इसकी कुल कीमत 18 लाख 58 हजार 500 रुपये है, जो कि रोहतास फास्टनर प्राइवेट लिमिटेड रोहतक ने अपने सीएसआर फंड से खर्च की है और इसे नगर निगम को सुपुर्द किया है।

इस अवसर पर रोहतास फास्टनर प्राइवेट लिमिटेड के सुरेश बंसल, बृजभूषण बंसल, अजय बंसल, सुभाष बंसल, राजेंद्र बंसल, नरेश बंसल, शमशेर प्रसाद गोयल, मनीष बंसल, आशीष बंसल, सुमित बंसल, रोहित बंसल, नितिन बंसल, मृणाल बंसल, पूर्व विधायक सरिता नारायण सहित भाजपा नेता व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।