सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा को दी श्रद्धांजलि
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भारतीय वायु सेना के शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा के गांव ककराना में हुए अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने विमान हादसे में शहीद हुए जवान की शहादत को नमन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने कहा कि देश ने अपना बहादुर जवान खोया है। शहीद अनुज की कर्तव्यनिष्ठा पर हम सभी को गर्व है।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बेकाबू रफ्तार से बढ़ रही महंगाई पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता पर भाजपा सरकार ने एक और करारी चोट की है। घरेलू और कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम में एकमुश्त 60 रुपये और 115 रुपये की वृद्धि से अब न सिर्फ थाली का खाना और महंगा हो गया, बल्कि खाना पकाना भी महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की ही नहीं, आम गरीब व मध्यम वर्ग के घर की अर्थव्यवस्था भी चौपट हो गई है। उन्होंने रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं हुए तो सरकार को जनाक्रोश से पैदा होने वाले गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
उन्होंने हरियाणा में सबसे ज्यादा बेरोजगारी पर कहा कि हरियाणा सरकार की प्रमुख उपलब्धि यही है कि उसने हरियाणा को बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, नशाखोरी, पलायन में देश में नंबर एक बना दिया है। उन्होंने देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी के लिये प्रदेश सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को बेरोजगारी का सबसे बड़ा हब बनाकर रख दिया है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा के सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई व शुभकामनाएं दी।

Girish Saini 

