जीजेयू और दिव्यांग एकाधिकार पुनर्वास ट्रस्ट के बीच हुआ एमओयू
हिसार, गिरीश सैनी। दिव्यांगता, पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य एवं कौशल विकास के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने की दिशा में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि एवं दिव्यांग एकाधिकार पुनर्वास ट्रस्ट, हिसार के बीच एक एमओयू हुआ। ये एमओयू विवि के मनोविज्ञान, योग विज्ञान, फिजियोथेरेपी एवं नर्सिंग विभागों के साथ शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक सहयोग को औपचारिक स्वरूप प्रदान करता है। इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, कौशल विकास एवं व्यावसायिक दक्षताओं में उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
इस दौरान जीजेयू की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. ओमप्रकाश सांगवान, तकनीकी सलाहकार प्रशासनिक प्रो. विनोद छोकर व मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार तथा दिव्यांग एकाधिकार पुनर्वास ट्रस्ट की ओर से संस्थापिका संजू वर्मा, संस्थान समन्वयक राजपाल सिंह बसानीवाल एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. निधि गर्ग मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि एमओयू के तहत दोनों संस्थान विवि अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया (आरसीआई) द्वारा समय-समय पर जारी नवीनतम एवं उच्च स्तरीय गाइडलाइंस के अनुरूप संचालित पाठ्यक्रमों—विशेषकर मनोविज्ञान, योग विज्ञान, फिजियोथेरेपी एवं नर्सिंग—में आपसी अकादमिक, प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक सहयोग प्रदान करेंगी।
उल्लेखनीय है कि दिव्यांग एकाधिकार पुनर्वास ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से हिसार में दिव्यांग बच्चों एवं युवतियों के लिए पुनर्वास एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं निरंतर प्रदान कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा विशेष शिक्षा, स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, मनोवैज्ञानिक परीक्षण एवं निदान सहित गाइडेंस एवं काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

Girish Saini 

