स्वतंत्रता दिवस पर दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में रोहतक शहर में प्रभात फेरी निकाली गई। भिवानी स्टैंड से शुरू हुई प्रभात फेरी कांग्रेस भवन पहुंची। इस दौरान सांसद ने महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, शहीद भगत सिंह, लाला लाजपत राय, डॉ. भीमराव आंबेडकर, चौ. छोटूराम, पं. श्रीराम शर्मा, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और चौ. रणबीर सिंह सहित स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण कर लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
सभा को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान का परिणाम है। 1857 से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक लाखों लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, जवाहरलाल नेहरू, लाला लाजपत राय, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि रोहतक क्षेत्र का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वंदे मातरम् और तिरंगा फहराने पर भी अंग्रेजों के शासन में सजा दी जाती थी। उन्होंने चौ. रणबीर सिंह को वंदे मातरम् गाने और तिरंगा फहराने के कारण मिली सजा का उल्लेख किया।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 12 वर्षों में शिक्षा, परीक्षा, रोजगार और अर्थव्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर घटे हैं तथा अग्निवीर योजना से सेना की स्थायी नौकरियां समाप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की समानता और भाईचारे की भावना ही देश की मजबूत नींव है, जिसे कमजोर नहीं किया जाना चाहिए। इस दौरान विधायक भारत भूषण बतरा, शकुंतला खटक व बलराम दांगी, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा सहित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Girish Saini 

