जिला में 1.51 लाख से अधिक लाभार्थी पा रहे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभः उपायुक्त सचिन गुप्ता

जिला में 1.51 लाख से अधिक लाभार्थी पा रहे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने परिवार पहचान पत्र के अलावा कल्याण एवं समाज कल्याण विभागों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिवार पहचान पत्र के संदर्भ में भी आवश्यक हिदायतें दी।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवार पहचान पत्र में अवांछित व्यक्ति के परिवार आईडी से हटाने, आय प्रमाण पत्र जारी करने एवं परिवार की वार्षिक आय में संशोधन की समीक्षा के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से 1 लाख 51 हजार 362 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभाग के पोर्टल पर अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के 86566 लाभार्थी, विधवा पेंशन योजना की 40554 लाभार्थी, दिव्यांग पेंशन योजना के 8924 लाभार्थी तथा निराश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना के 12496 लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।

इनके अतिरिक्त लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता योजना के 1925 लाभार्थी, स्कूल न जाने वाले 331 दिव्यांग बच्चों को वित्तीय सहायता, किन्नर भत्ता योजना के 4 लाभार्थी, बौना भत्ता योजना के 4 लाभार्थी, एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं के 4 लाभार्थी, विधुर व अविवाहित व्यक्तियों को वित्तीय सहायता योजना के 185 लाभार्थी तथा स्टेज-3 एवं स्टेज-4 कैंसर पीड़ितों के लिए वित्तीय सहायता योजना के 368 लाभार्थी भी जिला में पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही हरियाणा गौरव सम्मान योजना (पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए) के 1 लाभार्थी को भी लाभ दिया जा रहा है।

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, जिला कल्याण अधिकारी रेणु सिसोदिया, एलडीएम महावीर प्रसाद, परिवार पहचान पत्र की डीपीएम दीपिका तेवतिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।