न्यायिक परिसर में पैनल अधिवक्ताओं व अधिकार मित्रों की मासिक कार्यशाला आयोजित
दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई कोः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान द्वारा पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों के साथ मासिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राधिकरण द्वारा पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों को उनके दायित्वों एवं कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए गए।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि आगामी 9 मई को रोहतक न्यायालय परिसर में इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर शीघ्र, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्राप्त करें। राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम, पारिवारिक विवाद, दीवानी एवं फौजदारी मामले, श्रम विभाग, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी के बिल एवं राजस्व से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
सीजेएम ने कहा कि इसके अतिरिक्त आगामी 8 मई को स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली लोक अदालत में चेक बाउंस एवं बिजली-पानी से संबंधित मामलों की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन का आह्वान किया है कि वे अपने संबंधित अधिवक्ताओं के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल करवाएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालतें आपसी सहमति से विवादों के समाधान का सशक्त माध्यम हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।

Girish Saini 

