युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कठोर कानून बना रही है मोदी सरकारः मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कठोर कानून बना रही है मोदी सरकारः मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के सुरक्षित, सशक्त और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए लगातार ठोस एवं कठोर निर्णय ले रही है। देश में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं को नशे, अपराध और सामाजिक बुराइयों से बचाने तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

शुक्रवार को सहकारिता मंत्री ने स्थानीय भाजपा कार्यालय मंगल कमल में गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठनात्मक विषयों, जनसंपर्क अभियानों तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनसमस्याओं को भी उनके समक्ष रखा, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव और फीडबैक सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन्हीं के माध्यम से आम जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं की सही जानकारी मिलती है। बैठक में भाजपा के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जयंती समारोहों को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक संत रविदास जी के संदेश को पहुंचाया जाए।