हिंदू कॉलेज में मॉक ड्रिल का आयोजन

हिंदू कॉलेज में मॉक ड्रिल का आयोजन

रोहतक, गिरीश सैनी। आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय लाल नाथ हिंदू कॉलेज में सिविल डिफेंस विभाग के तत्वावधान में आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन तैयारियों को लेकर एक प्रभावी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आपदा के दौरान सुरक्षित निकासी, त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न राहत एजेंसियों के समन्वित कार्य से अवगत कराना था।

मॉक ड्रिल के दौरान कॉलेज परिसर में आग लगने तथा कई लोगों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सायरन बजते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू हुई और सूचना मिलते ही विभिन्न राहत एवं बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गई। होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इस अभियान का नेतृत्व सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर (सीडीआई) नवीन कुमार ने किया।

घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए रेड क्रॉस की टीम ने मौके पर पहुंचकर फर्स्ट एड प्रदान की। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काल्पनिक आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया तथा विद्यार्थियों को आग से बचाव और अग्निशमन के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की प्रक्रिया, आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने तथा संबंधित एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस दौरान प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा, डॉ. रश्मि छाबड़ा, एनसीसी अधिकारी राजेश सहित शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा।