पीजीआईएमएस के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग को विधायक मनमोहन भड़ाना ने भेंट किए 10 अत्याधुनिक आईसीयू बेड

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने मरीजों के लिए बड़ी राहत बताया।

पीजीआईएमएस के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग को विधायक मनमोहन भड़ाना ने भेंट किए 10 अत्याधुनिक आईसीयू बेड

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में इलाज के लिए आने वाले कैंसर और थायराइड के मरीजों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना ने विभाग को 10 अत्याधुनिक आईसीयू बेड भेंट करने की घोषणा की है।

वीरवार को स्वास्थ्य विज्ञान विवि के दौरे के दौरान विधायक मनमोहन भड़ाना ने कुलपति डॉ.एच.के. अग्रवाल से मुलाकात की और संस्थान द्वारा प्रदेश वासियों को उपलब्ध करवाई जा रही अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कुलपति को भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार द्वारा मरीजों के हितों के लिए हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने विधायक मनमोहन भड़ाना का मरीजों के हित में इस योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन बेड्स के आने से हाई-डोज रेडिएशन थेरेपी कराने वाले गंभीर मरीजों को इलाज के साथ-साथ रिकवरी के दौरान भी विश्वस्तरीय सुविधा मिल सकेगी। कुलपति ने आशा व्यक्त की कि विधायक भड़ाना के इस कदम से समाज के अन्य सक्षम लोग और एनजीओ भी प्रेरणा लेंगे और मरीजों के हित के लिए आगे आएंगे।

पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने बताया कि न्यूक्लियर मेडिसिन थेरेपी कैंसर, थायराइड कैंसर, बोन पेन पैलिएशन और ग्रेव्स डिजीज जैसी बीमारियों के इलाज की एक बेहद सटीक और प्रभावी पद्धति है। इसमें रेडियोएक्टिव दवाओं के जरिए सीधे बीमारी वाली कोशिकाओं पर असर किया जाता है, जिससे स्वस्थ अंगों को नुकसान नहीं पहुंचता और साइड इफेक्ट भी कीमोथेरेपी की तुलना में काफी कम होते हैं।

न्यूक्लियर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. रोहित ने बताया कि इन10 नए बेड में से 5 बेड हाई-डोज वार्ड में लगाए जाएंगे, 3 बेड रिकवरी रूम और 2 बेड लो-डोज आयोडीन थेरेपी रूम में लगेंगे। इससे विभाग की बेड क्षमता तीन गुना हो जाएगी और मरीजों को वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी। इस दौरान डॉ. मंजूनाथ, डॉ. पंकज छिक्कारा, चीफ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अनिल कौशिक, फार्मासिस्ट कृष्ण छोकर, चेयरमैन नर्सेज एसो. मनोज खटाना, प्रधान नर्सेज एसो. विकास फोगाट, डीएनएस हनी प्रभा सहित अन्य गणमान्य जन, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।