एशियन गेम्स पदक विजेताओं को मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने दी बधाई

सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत को बताया सफलता की कुंजी

एशियन गेम्स पदक विजेताओं को मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने दी बधाई

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा ऊंचा कर हरियाणा की मजबूत खेल संस्कृति का परिचय दिया है।

डॉ. शर्मा ने रोहतक की परवीन हुड्डा, हिसार के अंकुश पंघाल, चरखी दादरी के सुजीत कलकल और जींद की कीर्ति शर्मा को स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि निशानेबाजी में रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीता। स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में हरियाणा के आठ खिलाड़ियों की भागीदारी भी प्रदेश की खेल प्रतिभा को दर्शाती है।

डॉ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा मिला है, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि इन उपलब्धियों से हजारों युवाओं को खेलों के लिए प्रेरणा मिलेगी।