श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा व विपुल गोयल ने लिया आशीर्वाद
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय पुरानी आईटीआई मैदान स्थित शहीद मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में 7 जून तक जारी श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे। बतौर यजमान, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष अजय बंसल ने शिरकत की। कथा के मुख्य आयोजक राजेश जैन व उनकी धर्मपत्नी संध्या जैन तथा पूर्व मेयर मनमोहन गोयल व उनकी धर्मपत्नी निर्मला गोयल ने अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
प्रतिदिन सायं 4:00 से 7:00 बजे तक चलने वाली इस कथा में प्रसिद्ध कथा व्यास डॉ. संजय कृष्ण सलिल ने भगवान की दिव्य लीलाओं, भक्ति की महिमा तथा मानव जीवन में सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानव जीवन को आध्यात्मिक उन्नति, नैतिक मूल्यों एवं सेवा भाव की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से मनुष्य के अंतःकरण का शुद्धिकरण होने के साथ ही जीवन में सकारात्मकता, श्रद्धा और आत्मिक शांति का संचार होता है। इस दौरान नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी भी दी गई।

Girish Saini 

