एमडीयू की रन फॉर यूनिटी में गूंजा एकता-अखंडता का संदेश

सरदार पटेल जयंती पर विवि समुदाय ने लगाई दौड़, शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि

एमडीयू की रन फॉर यूनिटी में गूंजा एकता-अखंडता का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एमडीयू में शनिवार को रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। विवि समुदाय के सदस्यों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरदार पटेल स्टेडियम से स्वतंत्रता सेनानी स्मारक तक दौड़ लगाई।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा और कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। विद्यार्थी निशांत ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

प्रो. रणदीप राणा ने कहा कि भारत की विविधताओं में एकता निहित है और विद्यार्थियों को समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और योगदान राष्ट्र की एकता-अखंडता की प्रेरणा देता है।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण दिया, जबकि निदेशक खेल कुलताज सिंह ने आभार जताया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। समापन पर शहीद स्मारक में अमर शहीदों को नमन किया गया। डीन एजुकेशन प्रो. जितेंद्र कुमार, प्रो. सुरेंद्र सिंह यादव, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुख़र्जी, सहायक खेल निदेशक डॉ. विपिन कुमार सहित विवि शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मी, विद्यार्थी, खिलाड़ी तथा रोहतक के नागरिक इस दौड़ में शामिल हुए।