पोस्टर-स्लोगन से दिया सड़क सुरक्षा व सुरक्षित यातायात का संदेश

पोस्टर-स्लोगन से दिया सड़क सुरक्षा व सुरक्षित यातायात का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत आसन गांव स्थित कटार सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल और स्थानीय आईबी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं। गलत दिशा में वाहन चलाने और असावधानी से ओवरटेक करने से बचने के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम का समापन सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन के संदेश के साथ हुआ। इस दौरान परिवहन निरीक्षक जसबीर सिंह, उप-निरीक्षक संदीप गुलिया, स्कूल निदेशक नरेंद्र दलाल, प्राचार्या अनीता मलिक सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।