फिजियोथेरेपी दिवस से पहले यूएचएसआर में गूंजा फिटनेस का संदेश
प्रति वर्ष 8 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व फिजियोथेरेपी दिवस से पहले पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी द्वारा रविवार की सुबह विवि परिसर में विशेष मॉर्निंग एक्सरसाइज सेशन आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 110 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रति वर्ष 8 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व फिजियोथेरेपी दिवस से पहले पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी द्वारा रविवार की सुबह विवि परिसर में विशेष मॉर्निंग एक्सरसाइज सेशन आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 110 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतिभागियों को संदेश दिया गया कि रोजमर्रा की जिंदगी में शारीरिक गतिविधि को शामिल कर न केवल फिट रहा जा सकता है, बल्कि लाइफस्टाइल से जुड़ी कई बीमारियों के खतरे को भी कम किया जा सकता है।
विशेषज्ञों ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल बीमारी या चोट के इलाज तक सीमित नहीं है। यह लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने, शारीरिक क्षमता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की थीम हृदय रोग और स्ट्रोक की रोकथाम, प्रबंधन एवं पुनर्वास में फिजियोथेरेपी और शारीरिक गतिविधि की भूमिका पर केंद्रित है। कार्यक्रम के माध्यम से इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान डॉ. सुधीर अत्री, डॉ. शशि, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. उमेश यादव, डॉ. वसुधा, डॉ. श्वेता मित्तल, डॉ. भावना, डॉ. मेघा, डॉ. डिंपल, डॉ. गीतांजलि, डॉ. मीतू, डॉ. अल्का यादव, डॉ. अदिति, डॉ. रसिता और डॉ. श्रेया सहित फैकल्टी, विद्यार्थी व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

