एनएसएस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में पौधरोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ और समाजसेवी राजेश जैन ने किया प्रकृति संरक्षण का आह्वान

एनएसएस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में पौधरोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ और समाजसेवी राजेश जैन ने पौधे लगाकर युवाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कुलपति प्रो. पूनियाँ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवाओं को पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाता है।

राजेश जैन ने कहा कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी है। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और दैनिक जीवन में हरित आदतें अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।

इस दौरान अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. रणदीप राणा, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, निदेशक कैंपस फॉरेस्ट्री प्रो. सुरेंद्र यादव, प्रो. दिव्या मल्हान, प्रो. प्रतिमा देवी सहित विवि शिक्षक, कर्मचारी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।