"मेरा चंडीगढ़ मेरा सुझाव" अभियान ने पकड़ी गति, घरों और मार्केट्स में जाकर लोगों से सुझाव ले रहे भाजपा कार्यकर्ता

चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पार्टी के हर कार्यकर्ता नगर निगम चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने में जी-जान से जुटे हैं। भाजपा की ओर से शुरू किए अभियान "मेरा चंडीगढ़ मेरा सुझाव" को भी लोगों का शानदार समर्थन मिल रही है। भाजपा के कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने के लिए घरों और मार्केट्स में जा-जाकर लोगों से सुझाव मांग रहे हैं। लोग भी इस अभियान को अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं। भाजपा की ओर से शुरू किए गए अभियान के तहत शहर में अलग-अलग जगहों पर 200 सुझाव पेटियां लगाई गई हैं जिनमें रोजाना हजारों लोग अपने सुझाव डाल रहे हैं। अभियान की इस शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए पार्टी की ओर से और भी सुझाव पेटियां लगाई जाएंगी।  
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले हफ्ते भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से इस अभियान की शुरुआत की गई थी। एक हफ्ते के अंदर ही हजारों लोगों के सुझाव मिल चुके हैं। इन्हीं सुझावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा आगामी नगर निगम चुनाव में अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। जैन ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी भाजपा को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और पार्टी सभी 35 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियां इस समय बिखरी नजर आ रही हैं। कांग्रेस पार्टी में आपसी अंतर्कलह में उलझी हुई है जबकि आम आदमी पार्टी लोगों का ध्यान नहीं खींच पा रही है क्योंकि पार्टी में संगठन नाम की कोई चीज़ ही नहीं है। वहीं, बाकी अन्य पार्टियों का शहर में कोई अस्तित्व ही नहीं है। जैन ने कहा कि लोग इस बार भी भाजपा पर ही भरोसा जता रहे हैं।