आईएचएम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित

व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।

आईएचएम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। ये जानकारी संस्थान के व्याख्याता विकास देशवाल ने दी। उन्होंने बताया कि मनोवैज्ञानिक राज आलमपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस सत्र का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव एवं दबाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करना तथा सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था। विशेषज्ञ वक्ता ने वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव, प्रतिस्पर्धा और जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी तनाव, करियर को लेकर चिंता तथा व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय बताए।

उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य, और इसके लिए नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, योग एवं ध्यान को अपनाना अत्यंत जरूरी है। इस दौरान आयोजित इंटरेक्टिव गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं का विशेषज्ञ से समाधान प्राप्त किया।

आईएचएम के प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम संस्थान में सकारात्मक एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करने में सहायक सिद्ध होंगे। इस दौरान डॉ पंकज सिंह, डॉ श्वेता कुमार, प्रियंका हुड्डा, तरुण हुड्डा, मीनाक्षी नांदल सहित अन्य स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।