चिकित्सा अधीक्षक ने किया स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का औचक निरीक्षण, सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने मंगलवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के वार्ड-2 का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य मरीजों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराना था। चिकित्सा अधीक्षक ने वार्ड की दीवारों, बेड, शौचालय सहित अन्य व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि वार्ड की दीवारों पर ऐसा रंग किया जाए जो आंखों को सुकून दे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
उन्होंने वार्ड में लगे सभी एसी की तुरंत मरम्मत कराने के आदेश दिए। इसके साथ ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के संपूर्ण सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग में आने वाली गर्भवती महिलाओं और जच्चा-बच्चा को स्वच्छ, सुंदर और संक्रमण मुक्त वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाने तथा स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और हर समय मदद के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
स्त्री रोग विभागाध्यक्षा डॉ. पुष्पा दहिया ने आश्वस्त किया कि विभाग की टीम सभी निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर पालन करेगी। जन संपर्क विभाग के प्रभारी डॉ. वरुण अरोड़ा ने बताया कि मरीजों के फीडबैक के आधार पर लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
Girish Saini 

