भत्तों की बहाली को लेकर मेडिकल फैकल्टी का आंदोलन तेज, काले बैज के बाद पेन-डाउन की चेतावनी
रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां की मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) ने मई 2026 से रोके गए स्पेशल अलाउंस और अकादमिक अलाउंस की तत्काल बहाली की मांग की है। संस्थान के दौरे पर आए चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशक (डीएमईआर) के अधिकारियों को एसोसिएशन ने फैकल्टी के लंबित मुद्दों को लेकर लिखित प्रतिनिधित्व सौंपा।
एसोसिएशन के अनुसार, दोनों भत्ते वर्ष 2012 से संबंधित सरकारी आदेशों के तहत नियमित रूप से दिए जा रहे थे। इनके रुकने से प्रत्येक प्रभावित फैकल्टी सदस्य को करीब 22,500 रुपये प्रतिमाह का नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन ने लंबित एरियर का भी तत्काल भुगतान करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने बताया कि 8 सितंबर को डीएमईआर के साथ बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। लगातार देरी के विरोध में फैकल्टी 14 सितंबर से काले बैज लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही है। समाधान नहीं होने पर अगले सप्ताह से पेन-डाउन स्ट्राइक शुरू करने की चेतावनी दी गई है। प्रतिनिधित्व में प्रोफेसरों की वेतन निर्धारण विसंगति, सम्मेलन अनुमति, वित्तीय स्वीकृति, विवि कार्यों के लिए प्रतिनियुक्ति और सीनियर रेजिडेंट पदों की कमी जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

Girish Saini 

