लेखनी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिकाः सीएम नायब सिंह सैनी
मीडिया कर्मियों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन।

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर आज तक राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका रही है। उन्होंने राष्ट्रहित में अपनी लेखनी को आधार बनाने वाले सभी पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता लोकतंत्र की मजबूती का आधार स्तंभ है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को एमडीयू,रोहतक के राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में आयोजित हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कलम के प्रहरियों को सलाम किया। इस अधिवेशन में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ अधिवेशन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महर्षि नारद मुनि के वंशज होने के नाते पत्रकारिता के धर्म का निर्वाह कर रहे सभी मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह पावन दिवस हमारे पंचम गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी की शहादत को नमन करने का दिन भी है, जिन्होंने धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। साथ ही उन्होंने अरूट महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया।
देश की आजादी के आंदोलन में पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को नई दिशा देने वाले विचार निर्माता पत्रकार ही होते हैं, जिनके निरंतर सहयोग से राष्ट्र उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है और हरियाणा सरकार भी मीडिया के हितों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया का योगदान महत्वपूर्ण है। समाज में नई चेतना उत्पन्न करते हुए योजनाओं से लाभान्वित करने में मीडिया की सक्रिय भूमिका सदैव प्रशंसनीय है। उन्होंने मीडिया बंधुओं को सरकार की कुशल कार्यशैली के बारे में लोगों को अवगत कराते हुए नैतिक पत्रकारिता पर फोकस करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने बताया कि मीडिया फ्रेंडली माहौल सरकार दे रही है ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपनी लेखनी का इस्तेमाल समाज हित में कर सकें।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि यूनियन लोकतांत्रिक तरीके से काम कर रही है। दो साल में यूनियन की कार्यकारिणी के चुनाव होते हैं। इस अवसर पर यूनियन द्वारा एक मांग पत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसमें पत्रकारों की पेंशन 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने, पत्रकारों के लिए कैशलेस उपचार योजना शुरू करने, पत्रकारों के लिए मान्यता के नियम सरल करना आदि प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स को 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिसका नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किया जाएगा। साथ ही सीएम ने यूनियन की ओर से रखी गई मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पत्रकारों को लेकर यह दूरगामी सोच थी, जिसके चलते पत्रकारों की पेंशन हरियाणा राज्य में शुरू की गई। वे पत्रकारों का दर्द समझते थे और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की सोच के चलते मनोहर लाल ने पत्रकारों के हित में पत्रकारों की पेंशन के अलावा हर जिले में मीडिया सेंटर का निर्माण किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पत्रकारों के हितों को लेकर संजीदा तरीके से कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मंडल आयुक्त पी.सी.मीणा, एडीजीपी वाई पूर्ण कुमार, डीसी धर्मेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, नगर निगम रोहतक के मेयर रामअवतार बाल्मीकि, समृद्धि जैन सहित यूनियन के पदाधिकारियों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी दत्ता, अजय मल्होत्रा, भूपेन्द्र धर्माणी, सरदार बलजीत सिंह, प्रदेश महासचिव इन्द्रवेश दूहन, प्रदेश कोषाध्यक्ष लोकेश जैन, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष बजाज, अर्जुन जग्गा, विजय मेहता, नरोतम बागड़ी, हरिओम चंदेल, सुरेन्द्र महता, मनमोहन शर्मा, गिरीश सैनी, जिला अध्यक्ष मनोज वर्मा, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।