साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए एमडीयू का एनएसएस दल मनाली रवाना हुआ

साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए एमडीयू का एनएसएस दल मनाली रवाना हुआ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की 15 स्वयंसेविकाएं और 2 महिला दल प्रभारी साहसिक शिविर में भाग लेने के लिए मनाली रवाना हुई। ये स्वयंसेविकाएं एमडीयू से संबद्ध 14 विभिन्न महाविद्यालयों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और आगामी दस दिनों तक पर्वतीय क्षेत्र में रहकर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।

ये साहसिक शिविर 25 जून से 4 जुलाई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के मनाली (सोलंग नाला) स्थित स्कीइंग सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्वयंसेविकाओं को चट्टान पर चढ़ाई (रॉक क्लाइम्बिंग), पैदल पहाड़ी यात्रा (ट्रेकिंग), रस्सी के सहारे उतरना (रैपलिंग), पर्वतीय जीवन की मूल तकनीकें, आपदा प्रबंधन तथा दल भावना से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। 

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने स्वयंसेविकाओं को हरी झंडी दिखाकर शिविर के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूल उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। स्वयंसेविकाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि मनाली का प्राकृतिक वातावरण अत्यंत सुंदर और प्रेरणादायक है, इसलिए वे कठिन प्रशिक्षण के साथ-साथ वहां के अनुभवों से भी सीख लें तथा इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं। 

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने कहा कि साहसिक गतिविधियां युवाओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती हैं। डिप्टी एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. अंजू पंवार ने भी सभी स्वयंसेविकाओं को शुभकामनाएं दी।

इस विशेष शिविर में के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज, फरीदाबाद से डॉ. वंदना कुमारी तथा गवर्नमेंट कॉलेज, बादली (झज्जर) से डॉ. रेनू गुलिया दल प्रभारी (कंटीजेंट इंचार्ज) के रूप में स्वयंसेविकाओं के साथ रवाना हुईं।