एमडीयू के गैर शिक्षक सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने की कुलपति से मुलाकात

एमडीयू के गैर शिक्षक सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने की कुलपति से मुलाकात

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ से गैर शिक्षक सेवानिवृत्त कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विवि से लंबे समय तक जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं, सुविधाओं और कल्याण से संबंधित विषय कुलपति के समक्ष रखे।

प्रतिनिधिमंडल में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान शांतिलाल सिक्का, सेवानिवृत कर्मी जयभगवान लाकड़ा, सुरेन्द्र मग्गू, राजेन्द्र सिंह और समे राम शामिल रहे। उन्होंने कुलपति को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अपेक्षाओं और अन्य कुछ लंबित विषयों से अवगत करवाते हुए सकारात्मक समाधान की मांग रखी।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि विवि परिवार में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का योगदान सदैव सम्माननीय रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति में गैर शिक्षक कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और विवि प्रशासन कर्मचारी हितों के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने यकीन दिलाया कि नियमों के दायरे में रहकर कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।