एमडीयू के लोगो का हुआ ट्रेडमार्क पंजीकरण
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के स्वर्ण जयंती वर्ष में विवि के आधिकारिक लोगो को लगभग पांच दशक बाद भारत सरकार के ट्रेडमार्क रजिस्ट्रार कार्यालय में विधिवत रूप से ट्रेडमार्क के रूप में पंजीकृत कर लिया गया है। वर्ष 1976 में स्थापना के बाद पहली बार एमडीयू के लोगो को ट्रेडमार्क अधिनियम के अंतर्गत कानूनी संरक्षण प्राप्त हुआ है।
विवि की बौद्धिक संपदा और संस्थागत प्रतीक की सुरक्षा की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए एमडीयू के सेंटर फॉर इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स स्टडीज (सीआईपीआरएस) ने इस दिशा में पहल की। ट्रेडमार्क रजिस्ट्री में पांच चरणों की सुनवाई के दौरान वर्ष 1976 से लोगो के निरंतर उपयोग से संबंधित विस्तृत और प्रमाणिक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद आवेदन को अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई।
एमडीयू का लोगो ट्रेडमार्क क्लास 41 (सरकारी विभाग) के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है, जिसमें शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, विभिन्न विषयों में अकादमिक उपाधियां प्रदान करना तथा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन शामिल है। ट्रेडमार्क महर्षि दयानन्द विवि, रोहतक के नाम पर पंजीकृत किया गया है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने डीन आर एंड डी तथा निदेशक सीआईपीआरएस प्रो. हरीश दुरेजा, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. राजीव कुमार कपूर और सीआईपीआरएस की पूरी टीम को बधाई दी। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस.सी. मलिक, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, कुलपति के सलाहकार प्रो. ए.के. राजन सहित अन्य अधिकारी, डीन एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

Girish Saini 

