एमडीयू का गुरु दक्षता फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम संपन्न
देश भर के 127 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी) द्वारा आयोजित एक माह का फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम (एफआईपी) गुरु दक्षता सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस चार सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के विवि एवं महाविद्यालयों के 127 शिक्षकों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।
समापन समारोह में जवाहरलाल नेहरू विवि (जेएनयू), नई दिल्ली के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के डीन प्रो. विवेक कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उच्च शिक्षा की बदलती चुनौतियों का सामना करने के लिए शिक्षकों का सतत व्यावसायिक विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल को नवाचारी शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शोध तथा समाजोपयोगी गतिविधियों में लागू करने का आह्वान किया।
अंतिम दिन जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि, वाईएमसीए के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. संदीप ग्रोवर ने आउटकम-बेस्ड एजुकेशन एंड ग्रेजुएट ऐट्रिब्यूट्स विषय पर व्याख्यान देते हुए पाठ्यक्रम, शिक्षण एवं मूल्यांकन को सीखने के निर्धारित परिणामों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे सक्षम, उत्तरदायी और रोजगारोन्मुख स्नातकों का निर्माण संभव होगा। दूसरे तकनीकी सत्र में प्रो. नसीब सिंह गिल ने आईसीटी एवं डिजिटल पेडागॉजी फॉर टीचर्स विषय पर व्याख्यान दिया।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन भी किया गया, जिसमें शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षण, शोध पद्धति, प्रकाशन नैतिकता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा संस्थागत गुणवत्ता संवर्धन जैसे विषय शामिल थे। आयोजक एमएमटीटीसी ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के क्षमता-विकास कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Girish Saini 


