एमडीयू की शैक्षणिक परिषद ने 80 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, 147 शोधार्थियों का पीएचडी पंजीकरण मंजूर
समर इंटर्नशिप नियमों और दो कंपनियों के साथ एमओयू को भी मिली स्वीकृति
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू की 207वीं शैक्षणिक परिषद (एसी) की बैठक में शुक्रवार को 80 शैक्षणिक प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विषयों से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विभिन्न संकायों के 147 शोधार्थियों के पीएचडी पंजीकरण को स्वीकृति दी गई। वहीं, विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समर इंटर्नशिप रेगुलेशंस को भी मंजूरी प्रदान की गई।
परिषद ने एवित्री टेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली और एक्यूमेस ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, दिल्ली के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को भी स्वीकृति दी। इसके अलावा, सत्र 2025-26 के लिए दूरस्थ शिक्षा निदेशालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन रिपोर्ट (आईक्यूएआर), विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षा योजनाओं और सिलेबस को मंजूरी दी गई।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा सहित शैक्षणिक परिषद के सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini

