एमडीयू कुलपति ने लॉन्च किया कॉलेज ईआरपी पोर्टल, अब एक क्लिक पर होंगे कॉलेजों के काम

फीस जमा करने से लेकर अतिरिक्त सीट, पुनः संबद्धता और शिफ्टिंग के आवेदन तक ऑनलाइन होंगे कार्य

एमडीयू कुलपति ने लॉन्च किया कॉलेज ईआरपी पोर्टल, अब एक क्लिक पर होंगे कॉलेजों के काम

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू ने संबद्ध महाविद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों को डिजिटल बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को कॉलेज ईआरपी पोर्टल लॉन्च किया। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कुलपति समिति कक्ष में पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके जरिए कॉलेजों को विभिन्न कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की सुविधा मिलेगी।

कुलपति प्रो. पूनियाँ ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से विवि की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। कॉलेज ईआरपी संबद्ध महाविद्यालयों के लिए एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में काम करेगा। इससे कागजी प्रक्रिया घटेगी और कॉलेज प्रतिनिधियों को विवि के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पोर्टल पर फिलहाल एफिलिएशन फीस और कॉलेज कंटिन्यूएशन फीस ऑनलाइन जमा करने की सुविधा शुरू की गई है। कॉलेज यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, एनईएफटी और आरटीजीएस के जरिए भुगतान कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया आसान होने के साथ रिकॉर्ड के रखरखाव और निगरानी में भी सुविधा होगी।

इसके अलावा कॉलेज अतिरिक्त इंटेक, सीट, कोर्स या विषय बढ़ाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कॉलेज के रिवाइवल, पुनः संबद्धता और शिफ्टिंग तथा नया कॉलेज खोलने के आवेदन भी पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे। विवि की योजना चरणबद्ध तरीके से संबद्ध महाविद्यालयों से जुड़ी अन्य सेवाओं को भी इसी मंच से जोड़ने की है।

डीन, सीडीसी प्रो. राजेश पूनिया ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा, डीन आर एंड डी प्रो. हरीश दुरेजा, निदेशक यूसीसी प्रो. युद्धवीर, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सतीश मलिक, डीन फैकल्टी ऑफ एजुकेशन प्रो. जितेंद्र कुमार, सहित कॉलेज शाखा एवं कंप्यूटर सेंटर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।