एमडीयू कुलपति ने किया कैंटीन का औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों से लिया खाने का फीडबैक

एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने सोमवार को एक्टिविटी सेंटर स्थित यूनिवर्सिटी कैंटीन (यूएफओ) का औचक निरीक्षण कर कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता और खाद्य वस्तुओं की कीमत का जायजा लिया। कुलपति ने कैंटीन में भोजन कर रहे विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर खाने की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान कुलपति के साथ कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल भी मौजूद रहे।

एमडीयू कुलपति ने किया कैंटीन का औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों से लिया खाने का फीडबैक

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने सोमवार को एक्टिविटी सेंटर स्थित यूनिवर्सिटी कैंटीन (यूएफओ) का औचक निरीक्षण कर कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता और खाद्य वस्तुओं की कीमत का जायजा लिया। कुलपति ने कैंटीन में भोजन कर रहे विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर खाने की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान कुलपति के साथ कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल भी मौजूद रहे।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कैंटीन संचालकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, तैयार करने की प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था तथा मेन्यू संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन की प्राथमिकता विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कुलपति ने विद्यार्थियों को फ़ास्ट फ़ूड की बजाय पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और संतुष्टि सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यार्थियों से कैंटीन को लेकर उनके विचार भी जाने। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंटीन में साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर नियमित निगरानी रखी जाए तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विवि का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ एक स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग, निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी तथा पीआरओ पंकज नैन मौजूद रहे।