एमडीयू वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ ने किया फिजिक्स विभाग का औचक निरीक्षण

एमडीयू वीसी प्रो. मिलाप पूनियाँ ने किया फिजिक्स विभाग का औचक निरीक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने बुधवार को फिजिक्स विभाग का औचक निरीक्षण कर विभाग की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली, शिक्षण व्यवस्था और शोध के स्तर का गहन अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्राध्यापकों से संवाद किया।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने विभाग की विभिन्न प्रयोगशालाओं का दौरा कर उपलब्ध उपकरणों, शोध सुविधाओं तथा प्रयोगात्मक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शोधार्थियों को उच्च गुणवत्ता का शोध कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार और मौलिक शोध की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे समाज और उद्योग दोनों को लाभ मिल सके।


कुलपति ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक जरूरतों और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि विवि प्रशासन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों से भी संवाद कर शिक्षण गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

विभागाध्यक्ष प्रो. ए.एस. मान ने कुलपति को विभाग की प्रगति यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग में चल रहे विभिन्न शोध प्रोजेक्ट्स, प्रकाशनों और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।