एमडीयू की छात्रा वंशिका का ऑस्ट्रेलिया की एडिलेड यूनिवर्सिटी में चयन
सौर ऊर्जा पर 22 हजार डॉलर का प्रोजेक्ट करेंगी।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के फिजिक्स विभाग की 2023-25 बैच की होनहार छात्रा और निकटवर्ती गांव खेड़ी साध की निवासी वंशिका गहलावत का चयन ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एडिलेड के एक महत्वपूर्ण रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए हुआ है।
वंशिका का ये रिसर्च प्रोजेक्ट सौर ऊर्जा के भविष्य को बदलने वाला साबित होगा। वे ड्यूरेबल क्वांटम-कटिंग कंपोजिट पर काम करेंगी। इस तकनीक का उद्देश्य उन सौर पैनलों की कार्यक्षमता बढ़ाना है, जो ट्रक, जहाज या विमान जैसे कठिन वातावरण में खराब हो जाते हैं। वंशिका एक ऐसी विशेष सुरक्षा परत विकसित करेंगी जो हानिकारक यूवी किरणों को बिजली में बदलने में मदद करेगी।
इस शोध परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 22 हजार डॉलर है, जिसकी व्यवस्था प्रतिस्पर्धात्मक अनुदानों से की जाएगी। परियोजना का मार्गदर्शन ऑस्ट्रेलिया की वैज्ञानिक प्रो. हाइके एबेंडॉर्फ-हाइड प्रियम करेंगे। परियोजना का औद्योगिक जुड़ाव प्रॉक्सिस लैब्स से भी है, जिससे तकनीकी विकास को बल मिलेगा।
एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने छात्रा वंशिका को इस वैश्विक सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने वंशिका की इस उपलब्धि को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायी बताया। विभागाध्यक्ष प्रो. ए.एस. मान, सहित फैकल्टी प्रो. आर.पी. टंडन, प्रो राजेश पुनिया, प्रो. सज्जन दहिया तथा प्रो. अनिल ओहल्याण ने भी वंशिका को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।
बॉक्स-
छात्रा वंशिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय फिजिक्स विभाग के शिक्षकों को देते हुए कहा कि मेरा लक्ष्य विज्ञान के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान करना है। एडिलेड यूनिवर्सिटी का यह प्रोजेक्ट मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों और आधुनिक प्रयोगशालाओं में सीखने का मौका देगा।

Girish Saini 

