एमडीयू की छात्रा रेणु ने एसएसबी में हासिल की सफलता, कुलपति ने दी बधाई
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू की छात्रा रेणु ने सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सेना अधिकारी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता पर कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने बधाई देते हुए उनके समर्पण, आत्मविश्वास और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेणु की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
रेणु एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) की छात्रा रही हैं। उन्होंने डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय के तहत संचालित यूथ सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट फॉर ऑल फोर्सेज से एसएसबी के ग्रुप टेस्टिंग ऑफिसर (जीटीओ) संबंधी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
रेणु ने बताया कि नियमित अभ्यास, व्यावहारिक प्रशिक्षण और व्यक्तिगत मार्गदर्शन से उन्हें एसएसबी प्रक्रिया समझने तथा जीटीओ टास्क में आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने में मदद मिली। उन्होंने केंद्र और जीटीओ विशेषज्ञों का आभार जताया।
इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग, परियोजना निदेशक प्रो. शालिनी सिंह और परियोजना सहायक संदीप कुमार मौजूद रहे।

Girish Saini 

