एमडीयू को मिले दो डिज़ाइन रजिस्ट्रेशन, अंतरराष्ट्रीय पुस्तक का लोकार्पण

एमडीयू को मिले दो डिज़ाइन रजिस्ट्रेशन, अंतरराष्ट्रीय पुस्तक का लोकार्पण

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू ने शोध, नवाचार और बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए दो महत्वपूर्ण डिज़ाइन रजिस्ट्रेशन प्राप्त किए हैं। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक शोधपरक पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया।

एमडीयू को- मोबाइल एंड स्मार्ट वाच होल्डर विद स्टैंड (डिज़ाइन नंबर 450600-001) तथा फ़ोन होल्डर (डिज़ाइन नंबर 450599-001) के लिए डिज़ाइन रजिस्ट्रेशन मिला है। ये दोनों डिज़ाइन एमडीयू के रजिस्ट्रार के नाम पर पंजीकृत किए गए हैं। इस उपलब्धि में  डॉ. दीपक छाबड़ा (डिप्टी डायरेक्टर, सीआईपीआरएस  और  डॉ. रविंदर कुमार सहदेव (यूआईईटी प्राध्यापक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ये डिज़ाइन क्लास 14-06 के अंतर्गत आते हैं, जो मोबाइल और वियरेबल डिवाइस से जुड़े उपकरणों के नवाचार को दर्शाते हैं।

इसके साथ ही- लिग्नोकेलुलोसिस बायोमास एंड एन्ज़इम्सः फंडामेंटल्स, इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज एंड ऍप्लिकेशन्स शीर्षक पुस्तक का लोकार्पण कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया द्वारा किया गया। स्प्रिंगर नेचर द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का संपादन माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्राध्यापक डॉ. राजीव कुमार कपूर और यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्सास की कालावती राजन ने किया है। इसमें बायोमास, एंजाइम तकनीक और उनके औद्योगिक व सतत विकास में उपयोग को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है, जो शोधार्थियों और विशेषज्ञों के लिए उपयोगी साबित होगी।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि विवि लगातार नवाचार, अनुसंधान और बौद्धिक संपदा सृजन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस तरह की उपलब्धियां न केवल विवि की शैक्षणिक साख को मजबूत करती हैं, बल्कि छात्रों और शोधार्थियों को भी नए प्रयोग और खोज के लिए प्रेरित करती हैं।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन आर एंड डी प्रो. हरीश दुरेजा, डीन फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एवं निदेशक सीआईआईई प्रो. सोनिया कपूर ने भी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।