एमडीयू में फीस-हॉस्टल से कैंटीन तक, छात्रों को राहत की तैयारी
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू प्रशासन ने विद्यार्थियों से जुड़े फीस बढोत्तरी, हॉस्टल फीस और कैंटीन के मामलों की समीक्षा के लिए दो समितियां गठित की हैं।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कार्यकारी परिषद के पूर्व निर्णयों के तहत लागू 10 प्रतिशत वार्षिक फीस वृद्धि तथा वर्ष 2023 में लिए गए हॉस्टल फीस संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार के लिए समिति गठित की है।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने बताया कि समिति हॉस्टल फीस में कमी और विद्यार्थियों को रियायत देने की संभावनाएं तलाशेगी। समिति के संयोजक डीन, एकेडमिक अफेयर्स होंगे, जबकि रजिस्ट्रार, प्रॉक्टर, परीक्षा नियंत्रक, चीफ वार्डन (बॉयज), चीफ वार्डन (गर्ल्स) और वित्त अधिकारी सदस्य होंगे।
वहीं, विवि परिसर स्थित कैंटीन, बूथ और क्योस्क पर उपलब्ध फूड आइटम्स के दामों की समीक्षा के लिए अलग समिति बनाई गई है। इसमें डीन स्टूडेंट वेलफेयर, डीन सीडीसी, रजिस्ट्रार, इंचार्ज (एस्टेट), वित्त अधिकारी और सहायक कुलसचिव (सामान्य प्रशासन) शामिल हैं। समीक्षा के बाद तय नई रेट लिस्ट परिसर में प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

Girish Saini 

