एमडीयूः मेट लैब कार्यशाला में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखे तकनीकी कौशल

विशेषज्ञों ने सिमुलेशन, मॉडलिंग और डेटा विश्लेषण में मेट लैब के व्यावहारिक उपयोग बताए

एमडीयूः मेट लैब कार्यशाला में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सीखे तकनीकी कौशल

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में तकनीकी कौशल विकास के उद्देश्य से मेट लैब पर एक दिवसीय सेमिनार-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। पं. दीन दयाल उपाध्याय सेंटर फॉर स्किल एंड वोकेशनल एजुकेशन और यूआईईटी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

यूआईईटी निदेशक प्रो. विनीत सिंगला के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीन दयाल उपाध्याय सेंटर फॉर स्किल एंड वोकेशनल एजुकेशन के निदेशक प्रो. प्रभाकर कौशिक ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य डिग्री के साथ कौशल और कौशल के साथ रोजगार को बढ़ावा देना है। मेट लैब आज इंजीनियरिंग, शोध, डिजाइन और औद्योगिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत बन चुका है। विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

विशेषज्ञ प्रो. आशीष श्रीवास्तव और प्रो. स्मिता पारीक ने सिमुलेशन, मॉडलिंग और डेटा विश्लेषण में मेट लैब के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन अभ्यास भी करवाया गया। कार्यशाला का समन्वयन डॉ. नेहा खुराना ने किया। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।