एमडीयूः बीएड-एमएड में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जुलाई से
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू ने बीएड, एमएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और एमएड (स्पेशल एजुकेशन) नियमित पाठ्यक्रमों में प्रवेश का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
एमडीयू से संबद्ध सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस्ड कॉलेजों में बीएड, एमएड, बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और एमएड (स्पेशल एजुकेशन) नियमित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 जुलाई से 27 अगस्त तक चलेगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर तक चॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग कर सकेंगे। 9 सितंबर को प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी, जबकि 10 से 14 सितंबर तक आपत्तियां और दस्तावेजों में सुधार का अवसर मिलेगा। इसके बाद 18 सितंबर को अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।
प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों की ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से पूरी होगी। पहली काउंसलिंग 24 से 30 सितंबर, दूसरी 5 से 12 अक्टूबर और तीसरी 16 से 22 अक्टूबर तक आयोजित होगी। पहली काउंसलिंग के बाद 1 अक्टूबर से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। यदि तीनों चरणों के बाद सीटें खाली रहती हैं तो 28 अक्टूबर को फिजिकल काउंसलिंग के जरिए प्रवेश दिए जाएंगे। इसके लिए रिक्त सीटों की सूची 27 अक्टूबर को विवि वेबसाइट पर जारी होगी और इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित कॉलेज में 2,000 रुपये शुल्क जमा कर आवेदन करना होगा। विवि ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर प्रवेशित विद्यार्थियों का रिकॉर्ड और शुल्क संबंधी विवरण भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
Girish Saini 


