एमडीयू के एनएसएस स्वयंसेवक राघव को मिला हिंदुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड-2026
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक राघव बंसल को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हिंदुस्तान यूथ आइकॉन अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी विवि में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया।
राघव वर्ष 2023 से एनएसएस के नियमित स्वयंसेवक के रूप में सामाजिक एवं जन जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले उन्हें सत्र 2024-25 के लिए जिला एवं विवि स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक का सम्मान भी मिल चुका है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत वे 100 से अधिक पौधे लगा चुके हैं और सात बार स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता का संदेश भी दे चुके हैं।
एमडीयू की एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल स्वयंसेवकों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना नहीं, बल्कि उनमें सेवा, नेतृत्व और संवेदनशीलता जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है।
City Air News 

