एमडीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव: विकास अहलावत बने प्रधान
साझा मंच ने तीन पदों पर दर्ज की जीत, सुरक्षा मंच को मिले दो पद
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव में कर्मचारी साझा मंच ने तीन पदों पर जीत दर्ज की, जबकि कर्मचारी सुरक्षा मंच को दो पद मिले। बुधवार को घोषित परिणामों में साझा मंच के विकास अहलावत (गोल्डी) प्रधान, नरेश कुमार महासचिव और योगेश बलाना कोषाध्यक्ष चुने गए। सुरक्षा मंच के प्रेम सिंह सजवाण उपप्रधान और रणधीर सिंह (चीकू) संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए।
प्रधान पद पर विकास अहलावत ने फूल कुमार बोहत को 24 वोटों से हराया। महासचिव पद पर नरेश कुमार 36 मतों से जीते, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर योगेश बलाना ने डॉ. राजेश शर्मा को 34 वोटों से पराजित किया। उपप्रधान पद पर प्रेम सिंह सजवाण ने 66 मतों से जीत दर्ज की। संयुक्त सचिव पद पर रणधीर सिंह ने सुनील सैनी को महज एक वोट से हराया। उन्हें 284, जबकि सुनील सैनी को 283 वोट मिले।
प्रधान विकास अहलावत ने कर्मचारी हितों के लिए निष्पक्षता से काम करने और सभी को साथ लेकर चलने का भरोसा दिया। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल और डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
चुनाव में कुल 571 कर्मचारियों ने मतदान किया। कार्यकारिणी के 15 सदस्य निर्विरोध चुने गए। चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राहुल ऋषि, चुनाव इंचार्ज एस.पी. राठी, चुनाव अधिकारी खैराती लाल और सहायक चुनाव अधिकारी सुनील दहिया समेत चुनाव समिति सदस्यों की देखरेख में शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

Girish Saini

