एमडीयूः भजन प्रभात में गूंजा गांधी-शास्त्री का संदेश
कुलपति ने किया सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता को जीवन में उतारने का आह्वान
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगी और गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। छात्र कल्याण कार्यालय के संयोजन में आयोजित भजन प्रभात में कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, सेवा और स्वच्छता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद आयोजित भजन प्रभात ने विवि परिसर को आध्यात्मिक और देशभक्ति के माहौल से भर दिया। एमडीयू के पूर्व छात्र और सूफी गायक कैलाश वर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन गांधीजी के प्रिय भजनों वैष्णव जन तो तेने कहिए और रघुपति राघव राजा राम की सामूहिक प्रस्तुति से हुआ।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन, विचार और राष्ट्र के प्रति योगदान हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से सादगी अपनाने, विचारों में ईमानदारी रखने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने विवि में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करते हुए स्वयं श्रमदान भी किया।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विद्यार्थियों को सत्य के मार्ग पर चलने तथा घर और कार्यस्थल सहित आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. सपना गर्ग और निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी ने किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। समारोह में विवि के अधिकारी, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Girish Saini

