एमडीयू के लॉ स्टूडेंट्स अब कक्षा के साथ कोर्ट रूम की भी सीख लेंगे
जस्टिस कृष्ण अय्यर स्टूडेंट क्लब के परिचयात्मक कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने कराया सदस्यता पंजीकरण
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विधि विभाग में नए विद्यार्थियों को अब किताबों के साथ कानूनी क्षेत्र की व्यावहारिक बारीकियां सीखने का भी मौका मिलेगा। विभाग के जस्टिस कृष्ण अय्यर स्टूडेंट क्लब द्वारा बीए एलएलबी और एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित परिचयात्मक कार्यक्रम में उन्हें क्लब की गतिविधियों, उद्देश्यों और सदस्यता की जानकारी दी गई।
विभागाध्यक्षा प्रो. सोनू देहमीवाल ने कहा कि कानून की पढ़ाई केवल कक्षा और किताबों तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे व्यक्तित्व विकास के साथ भविष्य के अकादमिक और प्रोफेशनल करियर में भी फायदा मिलेगा।
क्लब की फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. अंजलि वर्मा ने बताया कि क्लब विद्यार्थियों को लीगल रिसर्च, ड्राफ्टिंग, कम्युनिकेशन, प्रेजेंटेशन, टीमवर्क, नेतृत्व और क्रिटिकल थिंकिंग जैसे कौशल विकसित करने का मंच देगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ व्याख्यान, वर्कशॉप, इंटरैक्टिव सेशन, कानूनी जागरूकता अभियान, लीगल प्ले और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर आशु और प्रियंका ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें क्लब से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने उत्साह दिखाते हुए क्लब की सदस्यता के लिए पंजीकरण कराया।

Girish Saini 

