एमडीयूः विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहली काउंसलिंग आयोजित

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू के विभिन्न स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत पहली काउंसलिंग वीरवार को आयोजित की गई। विभिन्न शिक्षण विभागों एवं संस्थानों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में भाग लेकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की।

एमडीयूः विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहली काउंसलिंग आयोजित
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू के विभिन्न स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत पहली काउंसलिंग वीरवार को आयोजित की गई। विभिन्न शिक्षण विभागों एवं संस्थानों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में भाग लेकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की।

प्रवेश काउंसलिंग के तहत बैचलर इन पब्लिक हेल्थ साइंसेज, बीएससी (जेनेटिक्स), बीएससी (मैथमेटिक्स), बीएससी (स्टैटिसटिक्स), बीकॉम, बीसीए, बीए (इंग्लिश), बीए (इकोनॉमिक्स), बीए (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन), बीए (हिस्ट्री), बीबीए, बीएफए (पेंटिंग) तथा 5 वर्षीय एलएलबी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की गई।

इसके अलावा, होटल मैनेजमेंट एवं पर्यटन अध्ययन से संबंधित बीएचएमसीटी, बीटीटीएम, एमएचएमसीटी (इंटीग्रेटेड) तथा बीबीए (हॉस्पिटैलिटी एंड सर्विसेज मैनेजमेंट) पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर भी प्रवेश प्रक्रिया संचालित की गई।

निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को पाठ्यक्रमों, पात्रता शर्तों तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली काउंसलिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दूसरी फिजिकल काउंसलिंग एक जुलाई को आयोजित की जाएगी।