एमडीयू ने क्रिकेट में यूएचएसआर को 53 रन से हराया
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में क्रिकेट मैच, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के दूसरे दिन शनिवार को क्रिकेट, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। सरदार वल्लभभाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी-20 मुकाबले में एमडीयू एम्प्लाइज क्रिकेट टीम ने यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक (यूएचएसआर) की टीम को 53 रन से हराया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिताओं की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। खेल निदेशक कुलताज सिंह ने उनके योगदान को याद करते हुए युवाओं से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बतौर मुख्य अतिथि, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
एमडीयू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन बनाए। राज ने 49 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन की शानदार पारी खेली। पंकज नैन ने 18 गेंदों पर 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएचएसआर की टीम 16.3 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई।
एमडीयू की ओर से राज ने तीन विकेट भी झटके। प्रो. महेश कुमार, पंकज नैन और सुमित कुमार ने दो-दो तथा प्रो. जितेंद्र कुमार ने एक विकेट लिया। यूएचएसआर की ओर से अमित ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि परवीन ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए।
कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने उत्साह से भाग लिया। समारोह के अंतिम दिन रविवार को योग सत्र आयोजित होगा।

Girish Saini 

